छोटे गांव की बड़ी उड़ान: बोदीना की रितु पाटीदार सोशल मीडिया पर छाई
Tuesday, May 12, 2026
Edit
सैलाना/बोदिना-कौन कहता है कि छोटे गांवों में प्रतिभा नहीं होती। रतलाम जिले के छोटे से गांव बोदीना की 16 वर्षीय किशोरी रितु पाटीदार ने अपनी प्रतिभा के दम पर सोशल मीडिया पर खास पहचान बना ली है। डांस, सॉन्ग, एक्सप्रेशन और क्रिएटिव कंटेंट से रितु हजारों लोगों की पसंद बन चुकी हैं।
एक साधारण किसान परिवार से आने वाली रितु अपनी कला को मिल रहे प्यार और सराहना से बेहद उत्साहित हैं और लगातार सोशल मीडिया पर नए वीडियो साझा कर रही हैं।
ऐसे शुरू हुआ सफर
बोदीना निवासी किसान बलराम पाटीदार की बेटी रितु वर्तमान में सैलाना के पीएम श्री कन्या स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा हैं। कृषि संकाय की यह प्रतिभावान छात्रा पढ़ाई में भी अव्वल है।
रितु ने माता-पिता की अनुमति और प्रोत्साहन के साथ सोशल मीडिया पर अपने वीडियो साझा करना शुरू किया। धीरे-धीरे उनके वीडियो लोगों को पसंद आने लगे और आज उनके हजारों फॉलोअर्स बन चुके हैं।
एक सप्ताह में मिला जबरदस्त समर्थन
रितु बताती हैं कि बीते एक सप्ताह में उनकी कला को काफी सराहना मिली।
इंस्टाग्राम पर 26 हजार से अधिक और फेसबुक पर 12 हजार से ज्यादा लोगों ने उनके वीडियो पसंद किए। बड़ी संख्या में लोगों ने वीडियो शेयर किए और उत्साहवर्धक कमेंट भी किए।
बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना
रितु का कहना है कि वे इस क्षेत्र में आगे बढ़कर बड़ा मुकाम हासिल करना चाहती हैं। माता-पिता का प्यार, प्रेरणा और फॉलोअर्स का समर्थन उन्हें लगातार आगे बढ़ने की ताकत दे रहा है।
पढ़ाई के साथ-साथ वे अपनी कला को और निखारते हुए सोशल मीडिया पर नई पहचान बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं। अब देखना यह होगा कि बोदीना की यह प्रतिभाशाली बेटी आने वाले समय में किस ऊंचाई तक पहुंचती है।