सैलाना : एलएलएम की पढ़ाई के लिए 10 माह का वेतन छोड़ेंगे विधायक कमलेश्वर डोडियार, विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

सैलाना : एलएलएम की पढ़ाई के लिए 10 माह का वेतन छोड़ेंगे विधायक कमलेश्वर डोडियार, विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

रतलाम डेस्क

सैलाना - विधायक कमलेश्वर डोडियार एक बार फिर अपने फैसले को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित संसदीय कार्य मंत्री, वित्त मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, जनजातीय कार्य मंत्री, मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव तथा विधानसभा के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर विधायक के रूप में मिलने वाले वेतन एवं भत्ते 10 माह तक स्वेच्छा से नहीं लेने का अनुरोध किया है।
विधायक डोडियार ने बताया कि उनका चयन भोपाल स्थित प्रतिष्ठित National Law Institute University में एक वर्षीय एलएलएम (LL.M.) पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कोर्स के लिए हुआ है। वे 20 जुलाई 2026 से नियमित अध्ययन एवं शैक्षणिक गतिविधियों में संलग्न रहेंगे। इसी कारण उन्होंने 20 जुलाई 2026 से 15 मई 2027 तक विधायक के रूप में देय वेतन एवं भत्तों का भुगतान स्थगित करने का अनुरोध किया है।
अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय उन्होंने पूरी तरह स्वेच्छा से और बिना किसी दबाव के लिया है। उन्होंने लिखा है कि भविष्य में यदि वेतन एवं भत्ते पुनः प्राप्त करने की आवश्यकता होगी तो इसके लिए अलग से आवेदन प्रस्तुत करेंगे।
विधायक डोडियार ने कहा कि अध्ययन अवधि के दौरान वे बार काउंसिल ऑफ इंडिया तथा विश्वविद्यालय के उपस्थिति एवं अध्ययन संबंधी नियमों का पालन करते हुए अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ विधायक के संवैधानिक दायित्वों का भी प्राथमिकता से निर्वहन करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि विधानसभा सत्रों में उपस्थिति, जनहित के मुद्दों को उठाना, विधानसभा क्षेत्र में शासकीय कार्यक्रमों में भागीदारी तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन से नियमित संपर्क बनाए रखेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि लगभग 10 माह तक वेतन एवं भत्ते नहीं लेने के बावजूद विधानसभा क्षेत्र के दौरे, जनसुनवाई और अन्य आवश्यक कार्यक्रमों में वे अपने निजी खर्च पर शामिल होंगे तथा जनता की सेवा और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने देंगे।

--- इसे भी पढ़ें ---

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article

-->