रतलाम: सैलाना में दुकान पर खरीददारी को लेकर विवाद, दुकानदार को लाठी डंडो से बेरहमी से पीटा ।
Monday, October 19, 2026
Edit
सैलाना: नगर में असामाजिक तत्वों के हौंसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि खुलेआम अब वे नगरवासियों से मारपीट गुंडागर्दी करने में जरा भी संकोच नहीं कर रहे हैं।
आज एसबीआई बैंक के सामने जिस बर्बरता से इन गुंडों ने आतंक का नंगा नाच किया है, उससे नगर की सुरक्षा और पुलिसिया सख्ती पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं।
( पीड़ित पक्ष को डंडों से पीटते उत्पाती )
यह है मामला
शिकायतकर्ता ताहेर बोहरा (दुकानदार) ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि 19 अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे विदेसिंग निनामा उनकी दुकान पर चप्पल खरीदने आया था। इसके बाद शाम करीब 06:00 बजे वह दोबारा शराब के नशे में दुकान पर आया और गाली-गलौज करने लगा।
जब दुकानदार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी विदेसिंग ने अपने साथियों—राहुल निनामा, कपिल निनामा और अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। सभी आरोपी हाथ में लकड़ी और डंडे लेकर आए और परिवादी तथा बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ मारपीट की।
इस हमले में पीड़ित पक्ष के कई लोगों को चोटें आईं। आरोपियों ने दुकान में भी तोड़फोड़ की और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना
मारपीट की यह घटना सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गई। जिसमें आरोपीगण पीड़ितपक्ष को लाठी डंडो से मारते, दुकान में तोड़फोड़ करते एवं बीच बचाव करने आए पड़ोसियों को भी निर्दयता से मारते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई
शिकायत के आधार पर सैलाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं (धारा 296(b), 115(2), 351(3), 324(4), 3(5)) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच उप-निरीक्षक (SI) शिवनाथ सिंह राठौर द्वारा की जा रही है।
यह कहना है थाना प्रभारी का
घटना की सूचना प्राप्त हुई है , शिकायत दर्ज कर ली गई है एवं एक आरोपी को राउंडअप कर लिया गया है अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
दीपक मंडलोई, थाना प्रभारी सैलाना