सैलाना : बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ
Sunday, August 30, 2026
Edit
समाजसेवा के साथ रोजगार के अवसरों की भी जानकारी दी, विद्यार्थियों को दिलाई स्वैच्छिकता व नशामुक्ति की शपथ
सैलाना-मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड सैलाना द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ शासकीय महाविद्यालय सैलाना में सत्रारंभ समारोह के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन अभियान परिषद समाज और सरकार के बीच सेतु के रूप में कार्य करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों के माध्यम से आमजन को शासन की योजनाओं एवं उनके लाभों से जोड़ने का कार्य करती है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर ने जन अभियान परिषद के साथ मिलकर किए गए अपने समाजसेवी कार्यों के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने पाठ्यक्रम के माध्यम से समाजसेवा के साथ-साथ रोजगार एवं नौकरी के विभिन्न अवसरों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाजहित में करने के लिए प्रेरित किया।
किसान मोर्चा के महामंत्री अनोखी पाटीदार ने विद्यार्थियों को नवीन शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशेष अतिथि जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल ने विद्यार्थियों को समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला योजना समिति सदस्य भूपेन्द्र जायसवाल ने अपने जमीनी अनुभव साझा करते हुए कहा कि समाज के अनेक लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण वे योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में समाजकार्य के माध्यम से पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की बात कही। उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए प्राप्त होने वाले अनुभव, ज्ञान एवं योग्यता के महत्व को भी समझाया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व एवं नवीन विद्यार्थियों ने अपने-अपने सामाजिक क्षेत्रों में किए गए कार्यों के अनुभव साझा किए तथा पाठ्यक्रम से प्राप्त लाभों की जानकारी दी। नवीन विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की अध्ययन सामग्री प्रदान की गई। साथ ही डिजिटल एप्लीकेशन के माध्यम से पाठ्यक्रम अध्ययन एवं गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी दी गई।
सत्रारंभ समारोह के दौरान विद्यार्थियों को स्वैच्छिकता एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन के हरीश सिलावट ने किया। आभार परामर्शदाता पवन पारगी ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर परामर्शदाता पीरुलाल नीनामा एवं योगेश तंवर सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के नवीन एवं पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे।