सैलाना : नगर परिषद के साधारण सम्मेलन में विकास कार्यों एवं नगरीय व्यवस्थाओं से जुड़े 12 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

सैलाना : नगर परिषद के साधारण सम्मेलन में विकास कार्यों एवं नगरीय व्यवस्थाओं से जुड़े 12 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

रतलाम डेस्क

सैलाना- नगर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर परिषद ने अब सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। शुक्रवार को मोती बंगला स्थित मांगलिक भवन में आयोजित नगर परिषद के साधारण सम्मेलन में श्री रामद्वारा मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित दुकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। परिषद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि राजस्व विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उक्त भूमि एवं दुकानों से संबंधित संपूर्ण जानकारी प्राप्त की जाए और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर परिषद के साधारण सम्मेलन की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने की। सम्मेलन का संचालन मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीतू सिंह ने किया। बैठक में नगर के विकास, निर्माण कार्यों, राजस्व, नगरीय व्यवस्थाओं तथा विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। परिषद द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय पारित किए गए।

अवैध निर्माण पर भी होगी कार्रवाई

बैठक में निकाय क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। परिषद ने निर्णय लिया कि ऐसे सभी संपत्तिधारकों को सूचना पत्र जारी किए जाएं तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे निर्माणों से संबंधित कर वसूली की प्रक्रिया भी नियमानुसार किए जाने पर निर्णय लिया गया।

इन विकास कार्यों को भी मिली मंजूरी

बैठक में वार्ड क्रमांक 10 में कालिका माता मंदिर मार्ग स्थित फिल्टर प्लांट के पास नवीन मांगलिक भवन निर्माण तथा गीता भवन के लिए आवंटित भूमि के चारों ओर बाउंड्रीवॉल निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।
वार्ड क्रमांक 11 में महात्मा गांधी मार्ग स्थित पुराने नगर परिषद कार्यालय भवन को तोड़कर नवीन कार्यालय भवन बनाने की स्वीकृति दी गई। इसी स्थान पर कार्यालय भवन के आगे नवीन दुकानों के निर्माण कार्य को भी प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।
डॉ. अंबेडकर मार्ग स्थित क्षतिग्रस्त दुकानों को हटाकर नवीन दुकानों के निर्माण के लिए जारी निविदा में प्राप्त 11.89 प्रतिशत कम दर को स्वीकृति देते हुए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। संबंधित फर्म के साथ अनुबंध कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्णय लिया गया।
बस स्टैंड क्षेत्र में दिनेश पारगी के मकान से पुरानी जीर्ण-शीर्ण दुकानों को तोड़े जाने से रिक्त हुई भूमि से लेकर निर्माणाधीन सुलभ कॉम्प्लेक्स तक सीसी रोड निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति भी प्रदान की गई। सम्मेलन में गत कार्यवाही की पुष्टि की गई।

पार्क निर्माण की निविदा फिर होगी

वार्ड क्रमांक 09 कमला नेहरू मार्ग स्थित पशु चिकित्सालय के पास पार्क निर्माण के लिए प्राप्त निविदा में दर अधिक होने के कारण परिषद ने दर स्वीकृत नहीं की। अब पुनः निविदा आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
बस स्टैंड स्थित दुकान क्रमांक एफ-7 की प्राप्त निविदा निरस्त कर पुनः नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया किए जाने का निर्णय लिया गया।

 नामांतरण के 52 प्रकरणों पर फैसला

बैठक में नामांतरण प्रभारी द्वारा कुल 52 प्रकरण प्रस्तुत किए गए। इनमें से 51 प्रकरण सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए, जबकि एक प्रकरण में आपत्ति प्राप्त होने के कारण आपत्ति के निराकरण तक उसे रोकने का निर्णय लिया गया।

 विकास और नागरिक सुविधाएं प्राथमिकता : चैतन्य शुक्ला

नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। सम्मेलन में लिए गए निर्णयों से पार्क, मांगलिक भवन, नवीन कार्यालय, दुकान एवं सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर के समग्र विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और व्यवस्थित नगरीय विकास को प्राथमिकता देते हुए परिषद द्वारा आगे भी आवश्यकतानुसार विकास कार्य किए जाएंगे। 
सम्मेलन में उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, पार्षदगण मीरा पाटीदार, सलोनी माण्डोत, कुलदीप कुमावत, जगदीश पाटीदार, मुकेश पाटीदार, राधा बाई पाटीदार, चंदा पारगी, पुष्पा राठौर, कृष्णा चंदेल, विशाल धबाई, हेमलता धबाई, मंगलेश कसेरा एवं एल्डरमेन सपना खराड़ी, रवि कुमार शर्मा, नाथूलाल राठौड़, वरदीचन्द, पाटीदार सहित निकाय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

--- इसे भी पढ़ें ---

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article

-->