रतलाम -बिलपांक टोल पर खत्म होगी वीआईपी लेन, अब 8 की जगह होंगे 9 गेट; 10 दिन में लागू होगी नई व्यवस्था
Saturday, November 28, 2026
Edit
बिलपांक टोल पर यातायात व्यवस्था में होगा बदलाव, वीआईपी लेन होगी समाप्त
कैश और फास्टैग के लिए अलग-अलग लेन बनाने के निर्देश, 10 दिन में लागू होगी नई व्यवस्था
रतलाम- रतलाम-बदनावर मार्ग स्थित बिलपांक टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम और वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। अब टोल प्लाजा पर वीआईपी लेन समाप्त कर दी जाएगी तथा मौजूदा 8 गेट के स्थान पर 9 गेट संचालित किए जाएंगे। नई व्यवस्था आगामी 10 दिनों में लागू करने की तैयारी है।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने बिलपांक टोल प्लाजा का निरीक्षण कर वहां की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने टोल पर लगने वाले जाम और वाहन चालकों को होने वाली असुविधा के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कैश भुगतान और फास्टैग से भुगतान करने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग लेन की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी उत्पन्न हो रही है। कैश भुगतान करने वाले वाहनों के कारण फास्टैग उपयोगकर्ताओं को भी कतार में इंतजार करना पड़ता है, जिससे टोल पर वाहनों का दबाव बढ़ता है और जाम की स्थिति बनती है।
इस समस्या के समाधान के लिए कलेक्टर ने कैश और फास्टैग वाहनों के लिए अलग-अलग लेन निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही वीआईपी लेन समाप्त कर उसके स्थान पर अतिरिक्त गेट शुरू करने की व्यवस्था करने को कहा, जिससे टोल से गुजरने वाले वाहनों का आवागमन सुगम हो सके।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिलपांक टोल प्लाजा पर वाहनों की आवाजाही तेज होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।