सैलाना : बस स्टैंड चौड़ीकरण से सुधरेगी नगर की यातायात व्यवस्था,नगर विकास में अध्यक्ष शुक्ला ने मांगा सहयोग
Friday, February 6, 2026
Edit
सैलाना-नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला ने नगर के विकास और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बस स्टैंड के चौड़ीकरण की योजना को जनहित में अनिवार्य बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 42 लाख रुपये के इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों के मुताबिक शहर को तैयार करना है।
दुकानदारों के लिए राहत: लागत मूल्य पर मिलेंगी नई दुकानें
अध्यक्ष शुक्ला ने दुकानदारों की चिंताओं को दूर करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट से प्रभावित होने वाली 15 दुकानों को हटाया नहीं जाएगा, बल्कि उन्हें वर्तमान स्थान से 30 फीट पीछे नए सिरे से बनाया जाएगा।
दुकान की बड़ी साइज : नई दुकानें पहले की तुलना में अधिक बड़ी होंगी।
प्राथमिकता : वर्तमान दुकानदारों को ही ये दुकानें आवंटित की जाएंगी।
लागत मूल्य : निर्माण कार्य की लागत मूल्य पर ही ये दुकानें उन्हें वापस दी जाएंगी।
कम समय सीमा : नई दुकानों का निर्माण कार्य 6 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
1983 के बाद अब विस्तार की सख्त जरूरत
ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए शुक्ला ने बताया कि वर्तमान बस स्टैंड का निर्माण 1983 में हुआ था। तबकी
आबादी के हिसाब से यह पर्याप्त था, लेकिन पिछले 43 वर्षों में यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ चुका है।
"यदि आज विस्तार नहीं किया गया,तो भविष्य में पूरे बस स्टैंड को शहर से बाहर शिफ्ट करना पड़ सकता है,जिससे लगभग 200 दुकानदारों का रोजगार प्रभावित होगा।" -चेतन्य शुक्ला,अध्यक्ष
क्या है नगर परिषद का मास्टर प्लान?
प्रोजेक्ट की बारीकियों को समझाते हुए अध्यक्ष ने निम्नलिखित मुख्य बिंदु साझा किए:
● जर्जर निर्माण का खात्मा:1988 में बने जर्जर सुलभ शौचालय को हटाकर उस जमीन का उपयोग दुकानों के लिए किया जाएगा।
● सब्जी मंडी होगी शुरू: चौड़ीकरण से आंबेडकर मार्ग पर पिछले 10 साल से बंद पड़ी सब्जी मंडी पुनः प्रारंभ हो सकेगी।
● यात्रियों को बसों की सुविधा: बस स्टैंड पर जगह बढ़ने से राजस्थान और मध्य प्रदेश परिवहन की बसें, जो अभी बायपास से निकल जाती हैं,बस स्टैंड के अंदर आएंगी। इससे यात्रियों को भटकना नहीं पड़ेगा।
परिषद ने पारित किया संकल्प
नगर विकास को ध्यान में रखते हुए परिषद ने इस विकास कार्य के लिए संकल्प पारित कर सीएमओ (CMO) मनोज शर्मा को आगे की कार्यवाही के आदेश दे दिए हैं। अध्यक्ष शुक्ला ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे नगर हित में इस पहल को 'बड़ा मन' करके देखें और नगर के विकास के सहभागी बनें।