इंदौर : में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य, मांगलिया डिपो से 73 टैंकर रवाना
Thursday, March 26, 2026
Edit
• इंदौर में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
• मांगलिया डिपो से सुबह 9 बजे तक 73 टैंकर रवाना
• तीनों प्रमुख कंपनियों द्वारा लगातार सप्लाई
• प्रशासन द्वारा सतत निरीक्षण जारी
• केन/बोतल में ईंधन देने पर प्रतिबंध
• नागरिकों से अपील: अफवाहों से बचें, जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें
इंदौर जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है। जिला प्रशासन के अनुसार नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
मांगलिया स्थित डिपो से आज सुबह 6 बजे से ही ईंधन भरने का कार्य तेज गति से शुरू किया गया। हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के टैंकर लगातार पेट्रोल पंपों की ओर रवाना किए जा रहे हैं।
सुबह 9 बजे तक कुल 73 टैंकर लॉरी विभिन्न पेट्रोल पंपों के लिए भेजी जा चुकी हैं। इनमें HPCL की 24, BPCL की 34 और IOC की 15 टैंकर शामिल हैं।
प्रशासन ने बताया कि डिपो पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है और पूरी क्षमता के साथ सप्लाई जारी है।
कलेक्टर शिवम् वर्मा के निर्देश पर प्रशासनिक टीम सुबह 5 बजे से ही डिपो और पेट्रोल पंपों का लगातार निरीक्षण कर रही है, ताकि कहीं भी ईंधन की कमी या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अग्रिम रूप से इंडेंट लगाएं और किसी भी पंप को ड्राई न होने दें। साथ ही, पेट्रोल और डीजल को केन या बोतलों में देने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं। जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह व्यवस्थित रूप से जारी है।