सैलाना विधायक डोडियार ने कृषि उपज मंडी का किया औचक निरीक्षण,मंडी व्यवस्था की जमीनी स्थिति का लिया जायजा।
Friday, May 15, 2026
Edit
किसानों से सीधे संवाद कर जानी समस्या
सैलाना-क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार ने शुक्रवार को सैलाना कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण कर मंडी व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मंडी परिसर में पहुंचकर तुलावटी, व्यापारियों तथा किसानों से सीधे चर्चा की और उपज की खरीद, तौल व्यवस्था एवं भाव को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उनके अचानक मंडी पहुंचने से अधिकारियों और व्यापारियों में हलचल मच गई।
विधायक डोडियार ने मंडी में अलग-अलग स्थानों पर जाकर तौल कांटों की स्थिति देखी तथा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि किसानों की उपज का सही वजन किया जा रहा है या नहीं। उन्होंने तुलावटी कर्मचारियों से प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी में व्यापारियों से चर्चा कर खरीदी जा रही फसलों के वर्तमान बाजार भाव की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने आसपास के विभिन्न गांवों से उपज लेकर आए किसानों से भी बातचीत की। किसानों ने उन्हें फसलों के दाम, तौल में लगने वाले समय और मंडी में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया। विधायक ने किसानों से पूछा कि कहीं तौल या भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं आ रही। किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी उनके सामने रखे।
विधायक डोडियार ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। मंडी में पारदर्शी व्यवस्था और उचित भाव मिलना किसानों का अधिकार है। उन्होंने संबंधित मंडी प्रशासन को निर्देश दिए कि किसानों की उपज की खरीदी निष्पक्षता से हो तथा तौल प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक के इस औचक निरीक्षण को किसानों ने सकारात्मक पहल बताया। किसानों का कहना है कि जनप्रतिनिधि यदि इसी तरह समय-समय पर मंडी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें तो किसानों की समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा।