सैलाना - पुलिस को बड़ी कामयाबी: शत्रुंजय ज्वेलर्स चोरी का खुलासा
Tuesday, May 26, 2026
Edit
9 लाख के जेवरात सहित 2 शातिर चोर गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद
सैलाना - पुलिस ने चर्चित शत्रुंजय ज्वेलर्स चोरी कांड का 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने झाबुआ के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए 9 लाख के जेवरात, देशी पिस्टल, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
ऐसे हुई थी वारदात
20 मई 2026 की रात फरियादी प्रेम जैन अपनी दुकान शत्रुंजय ज्वेलर्स, बड़ा जैन मंदिर के पास, बंद कर घर चले गए थे। 21 मई की सुबह 6 बजे मंदिर के पुजारी ने शटर खुला होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर शटर के ताले ग्राइंडर से कटे मिले। दुकान से करीब 4.5 किलो चांदी और 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण, कीमत करीब 9 लाख रुपए, चोरी हो गए थे। थाना सैलाना में अपराध क्रमांक 171/2026 दर्ज किया गया।
200 CCTV खंगाले, फिर पकड़े बदमाश
एसपी अमित कुमार ने घटना को गंभीरता से लेकर विशेष टीम गठित की। एएसपी विवेक कुमार और एसडीओपी नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में सैलाना, बिलपांक, रावटी व साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने घटनास्थल से भागने के रूट तक 200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में एक आरोपी दुकान के अंदर जेवर पीले कट्टे में भरता और दूसरा बाहर निगरानी करता दिखा। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना पर टीम झाबुआ के ग्राम झकनावदा पहुंची।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने आरोपी 1. आनंद पुत्र सुंदरलाल गुर्जर, उम्र 25 वर्ष और 2. विकास उर्फ फरीद हुसैन पुत्र मोहम्मद हुसैन, उम्र 30 वर्ष, दोनों निवासी झकनावदा, जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर नाले के किनारे झाड़ियों में गड्ढा खोदकर छिपाया गया चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया। साथ ही ग्राइंडर मशीन, पेचकस, प्लायर, बिना नंबर की बजाज पल्सर बाइक, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खाली राउंड भी जब्त किया गया।
कई और वारदातें कबूलीं
पूछताछ में दोनों ने कीर्तिविहार चोरी, बिलपांक मंदिर चोरी, पेटलावद-झाबुआ में नकबजनी, दलौदा मंदसौर से पल्सर बाइक चोरी और सांवरिया सेठ मंदिर चित्तौड़गढ़ राजस्थान से प्लेटिना बाइक चोरी की वारदातें भी कबूली हैं। पुलिस अन्य थानों से समन्वय कर कार्रवाई कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
निरीक्षक पिंकी आकाश, निरीक्षक सुरेंद्रसिंह गड़रिया, निरीक्षक अय्यूब खान, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, सउनि शंकरसिंह शक्तावत, सउनि सीताराम तेनीवार, सउनि हितेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, प्र.आर. लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, प्र.आर. हिम्मत सिंह, आर. विपुल भावसार, आर. तुषार सिसोदिया, प्रधान आरक्षक संदीप भदौरिया, प्रधान आरक्षक दिलीप रावत, प्रधान आरक्षक आतिश धानक, प्रधान आरक्षक निरंजन त्रिपाठी, प्र.आर. नारायणसिंह जादौन, आरक्षक माखन, आरक्षक अवधेश परमार, आरक्षक अभिषेक पाठक, आरक्षक अर्चित दुबे, प्रधान आरक्षक चालक पप्पू वाघेला, आरक्षक फकीरचंद सोलंकी, आरक्षक तूफान भूरिया और पूरी साइबर सेल टीम।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा इन सभी को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।