रतलाम : सीएससी वीएलई की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित, डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर दिया जोर
रतलाम डेस्क
रतलाम - डिजिटल इंडिया के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिले में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर्स (वीएलई) के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन जनपद पंचायत सभागार में किया गया। कार्यशाला में जिले भर से लगभग 100 से अधिक वीएलई ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में सीएससी के राज्य प्रमुख श्री अतुलित राय जी, राज्य परियोजना प्रबंधक श्री अभिषेक जरारिया जी, राज्य समन्वयक श्री आशीष द्विवेदी जी, श्री सागर गुप्ता जी, बैंकिंग हेड श्री सिद्धार्थ सिन्हा जी एवं सीएससी जिला प्रबंधक राकेश प्रजापत ने वीएलई को विभिन्न डिजिटल सेवाओं के प्रभावी संचालन एवं विस्तार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने आयुष्मान कार्ड, पैन कार्ड, ई-श्रम पंजीयन, बैंकिंग बीसी सेवाएं, डिजीपे, बीमा सेवाएं, टेली-लॉ तथा बिजली बिल भुगतान जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इन सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुगम तरीके से आमजन तक पहुंचाकर वीएलई डिजिटल सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यशाला के दौरान वीएलई को नई तकनीकी जानकारियों और प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया, जिससे वे अधिक प्रभावी सेवा प्रदाता बन सकें। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नॉन-बैंकिंग सेक्टर की कंपनियों — इंडिया शेल्टर, मुथूट फिनकॉर्प, वंडर फाइनेंस, आईआईएफएल, आईडीएफसी बैंक मुथुड हाउसिंग फाइनेंस,महिंद्रा होम फाइनेंस ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में पिछले वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वीएलई को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, साथ ही अटल सेवा केंद्र के पात्र वीएलई को पात्रता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यशाला का समापन प्रश्नोत्तर सत्र एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।