सैलाना : महाविद्यालय व गोशाला में मनाई गई बलराम जयंती
Wednesday, September 2, 2026
Edit
सैलाना - नगर में भगवान श्री बलराम जयंती पर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासकीय महाविद्यालय सैलाना में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में बलराम जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.पी. पाटीदार ने की।
मुख्य वक्ता प्रो. अनुभा कानड़े ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बलराम भारतीय कृषि व्यवस्था के पूज्य देव माने जाते हैं। वे एक समर्थ गुरु भी रहे। उनके शिष्यों में दुर्योधन के साथ महाबली भीम का भी उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा कि महाभारत युद्ध के दौरान भगवान बलराम ने किसी भी पक्ष में शामिल होने के बजाय तीर्थ यात्रा का मार्ग चुना। भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम के जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि व्यक्ति कितना ही बलशाली क्यों न हो जाए, उसे सत्य और सच्चाई का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बालकृष्ण चौहान ने किया तथा आभार प्रो. कविता चौधरी ने माना। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सैलाना गोशाला में हुआ गोमाता पूजन
बलराम दिवस के अवसर पर सैलाना गोशाला में भी धार्मिक भाव से गोमाता का पूजन किया गया। गोमाता को हरी घास एवं पशु आहार खिलाकर बलराम दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गोवर्धन परिक्रमा स्थित आश्रम के संत श्री प्रेम संधू जी महाराज ने गोमाता का पूजन किया।
कार्यक्रम में व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया, गोसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह राठौर, नगर परिषद एल्डरमैन नाथूलाल राठौर, दिलीप, कुमावत, कारूलाल ग्वाले सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
गोशाला प्रबंधक प्रदीप त्रिवेदी ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश की सभी गोशालाओं में बलराम दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में गोशाला में गोमाता पूजन एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संत श्री प्रेम संधू जी महाराज के सानिध्य में इस वर्ष रतलाम स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी का आयोजन किया जाएगा।