इंदौर : छः लाख करोड़ का कर्ज़ा हुआ मप्र पर, गले पड़ गईं लाड़ली बहना योजना

इंदौर : छः लाख करोड़ का कर्ज़ा हुआ मप्र पर, गले पड़ गईं लाड़ली बहना योजना

इंदौर डेस्क

राज्य में सदाचार बन गया है भ्रष्टाचार : दिग्विजय सिंह 

इंदौर - पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि लाड़ली बहना योजना मध्य प्रदेश सरकार के गले पड़ गई है। ऐसी अनेक योजनाओं की वजह से राज्य पर कर्ज बढ़ता ही जा रहा है। आज की तारीख में करीब 6 लाख करोड़ का कर्ज मध्य प्रदेश पर हो गया है।

श्री सिंह स्टेट प्रेस क्लब, मप्र के 'रूबरू' कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव जीतने की खातिर यह योजना लागू की। अब सरकार को सूझ नहीं रहा की वित्तीय समस्याओं से कैसे निपटा जाए। अब तो मामा ही इस संकट से उबरने का रास्ता बता सकते हैं। वित्तीय प्रबंध नहीं होने की वजह से विकास के अनेक प्रमुख कार्य अटके पड़े हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। भ्रष्टाचार अब सदाचार हो गया है क्योंकि जनता भी इस व्यवस्था की आदी हो गई है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर, एसपी और थाना प्रभारियों की पोस्टिंग बड़ी धनराशि लेकर की जा रही है।सभी की रेट लिस्ट तैयार है।

उन्होंने कहा कि मप्र में पीड़ितों की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यह पहली सरकार है जो जनता से जुड़े मुद्दों को सीधे नकार रही है। उन्होंने बताया कि उनके मुख्यमंत्रीत्वकाल में वह  आंदोलनकारी से आगे बढ़कर मिलते थे। उन्होंने जेन ज़ी को बधाई दी कि अपने-अपने मुद्दों को लेकर वह गांधीवादी तरीके से सरकार को झुकने के लिए मजबूर कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस छोड़कर गए नेताओं की घर वापसी के संदर्भ में एक प्रश्न के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति को कुर्सी और पद की बजाय हमेशा विचारधारा से जुड़ा रहना चाहिए। ढुलमुल व्यक्तित्व वाले लोग हमेशा ही ढुलमुल रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी नेता की घर वापसी का सवाल आएगा तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को उस इलाके के कांग्रेस नेताओं की सलाह जरूर लेना चाहिए।

--- इसे भी पढ़ें ---

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article

-->