सैलाना : भव्य रंगारंग गेर के साथ मना रंगपंचमी का त्योहार
Monday, March 9, 2026
Edit
सैलाना नगर में उमड़ा उत्साह, राधा-कृष्ण की झांकी रही मुख्य आकर्षण
सैलाना- रंगों के पावन पर्व रंगपंचमी के अवसर पर सैलाना नगर में अपार उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर परिषद सैलाना द्वारा भव्य रंगारंग गेर का आयोजन किया गया,जिसमें नगर से बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर के प्रसिद्ध घंटाघर चौराहा से हुआ, जहां नगरवासी बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। गेर प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धालुओं द्वारा बजरंगबली की आरती की गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और बैंड की धुन के साथ गेर का शुभारंभ हुआ।
गेर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली। यह घंटाघर चौराहा से प्रारंभ होकर सदर बाजार, पैलेस चौराहा, कुमावत मोहल्ला, रंगवाड़ी मोहल्ला, बस स्टैंड और अंबेडकर बस्ती से होते हुए नगर परिषद परिसर पहुंची,जहां गेर का समापन हुआ।
इस दौरान पूरे मार्ग में रंग-गुलाल की वर्षा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और उत्साह से भरे माहौल ने नगर को रंगमय बना दिया। गेर का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी रही, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
नगरवासियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं और हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया।