सैलाना : महिला सशक्तिकरण से ही देश सशक्त होगा – डॉ. आर.पी. पाटीदार
Tuesday, March 10, 2026
Edit
सैलाना-शासकीय महाविद्यालय सैलाना में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण समिति द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, अधिकारों और कानूनी जानकारी से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रभारी प्रो. अनुभा कानड़े ने बताया कि पहले दिन विद्यार्थियों को देश की सशक्त और सफल महिलाओं के जीवन से परिचित कराया गया। वहीं दूसरे दिन माननीय न्यायाधीश मोहित परसाई एवं श्रीमती गार्गी शर्मा ने छात्राओं को विभिन्न कानूनी अधिकारों और कानूनों की जानकारी दी, ताकि वे समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.पी. पाटीदार ने कहा कि जब तक महिलाएं सशक्त नहीं होंगी, तब तक देश का पूर्ण विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो नारी शक्ति को मजबूत बनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।
अपने संबोधन में न्यायाधीश मोहित परसाई ने छात्राओं से कहा कि उन्हें अपनी शक्ति और क्षमता को पहचानने की आवश्यकता है, जिससे वे एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दे सकें। वहीं न्यायाधीश गार्गी शर्मा ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सौरभ ई. लाल ने किया।
इसी क्रम में महाविद्यालय में आयोजित योग प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन योगाचार्य प्रज्ञा पाटीदार ने प्रातः 9 से 11 बजे तक छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार को विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास करवाया तथा योग के महत्व के बारे में बताया। योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्रीड़ा अधिकारी रक्षा यादव ने भी विशेष सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।