राज्यसभा चुनाव से पहले विधायक डोडियार की फेसबुक पोस्ट चर्चा में, कहा- 18 जून को बताऊंगा किसे दिया वोट

राज्यसभा चुनाव से पहले विधायक डोडियार की फेसबुक पोस्ट चर्चा में, कहा- 18 जून को बताऊंगा किसे दिया वोट

रतलाम डेस्क

18 जून को बताऊंगा किसे दिया वोट, दल्लों-गल्लों के सवालों का जवाब नहीं दूँगा” — विधायक कमलेश्वर डोडियार की फेसबुक पोस्ट से बढ़ी राजनीतिक चर्चाएं।

सैलाना - मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी राजनीतिक हलचल के बीच सैलाना से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक कमलेश्वर डोडियार की एक फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
विधायक डोडियार ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा कि, "मेन स्ट्रीम मीडिया को सूचित करता हूँ कि राज्यसभा चुनाव के बारे में 18 जून को ही बताऊंगा कि मैंने वोट किसको दिया। और हाँ, दल्लों और गल्लों के सवालों का जवाब नहीं दूँगा। हमें सुझाव देने वाले पहले पंच या पार्षद बनना सीखें।"
गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान विधायक के मोबाइल फोन बंद होने और सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आने को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। इस बीच विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के कुछ पदाधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं और सुझाव दिए जा रहे थे।
इन्हीं चर्चाओं के बीच विधायक डोडियार ने अपनी पोस्ट के माध्यम से आलोचकों और ट्रोलर्स पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि वे राज्यसभा चुनाव में अपने मतदान को लेकर फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं करेंगे और निर्धारित तिथि पर ही अपनी स्थिति स्पष्ट करेंगे।
विधायक की यह पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की निगाहें 18 जून पर टिकी हैं, जब विधायक डोडियार अपने मतदान को लेकर खुलासा कर सकते हैं।

--- इसे भी पढ़ें ---

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article

-->