सैलाना : पैलेस परिसर में मंत्रोच्चार के साथ हुआ पौधारोपण
Saturday, August 22, 2026
Edit
सैलाना- सैलाना पैलेस परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सैलाना राजवंश के महाराजा विक्रम सिंह जी एवं सैलाना सरोकार ग्रुप के सदस्यों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पौधारोपण किया गया। इस दौरान परिसर में 51 पौधे लगाए गए।
पौधारोपण के दौरान फलदार, फूलदार, औषधीय एवं छायादार पौधों को परिसर के विभिन्न स्थानों पर लगाया गया। इस अवसर पर महाराजा विक्रम सिंह जी ने कहा कि पूरे देश में चल रहे पौधारोपण अभियान एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत सैलाना पैलेस परिसर में भी पौधारोपण किया गया है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि सैलाना पैलेस परिसर में ही विश्व प्रसिद्ध कैक्टस गार्डन स्थित है, जहां कैक्टस की हजारों प्रजातियां मौजूद हैं। इसके साथ ही परिसर में विशाल उद्यान भी है, जो सैलाना की प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय विरासत को समृद्ध बनाता है।
पौधारोपण अभियान में सैलाना सरोकार ग्रुप ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपना योगदान दिया। इस अवसर पर सरोकार ग्रुप के इंद्रेश चंडालिया, जितेंद्र सिंह राठौड़, हरीश सिलावट, शेरसिंह राठौड़ एवं पंडित आशीष पांडे उपस्थित रहे।