सैलाना : जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन, कपड़े किए वितरित
Saturday, September 5, 2026
Edit
सैलाना- रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सेवा एवं सामाजिक सरोकार की भावना के साथ भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन एवं बोहरा समाज द्वारा संयुक्त रूप से जरूरतमंद बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। इस दौरान बच्चों को कपड़े वितरित कर उनके साथ खुशियां साझा की गईं। बोहरा समाज द्वारा प्रोजेक्ट राइज के तहत ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर समाजजनों से कपड़े एकत्रित किए गए थे। इन कपड़ों को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन के साथ मिलकर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया ,आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया गया। संस्था एवं समाज के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें अपनत्व एवं सहयोग का भाव महसूस कराया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ खुशियां बांटी जाएं। कार्यक्रम का आयोजन भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन के हरीश सिलावट, राजेन्द्र कुमावत एवं योगेश तंवर के सहयोग से किया गया। वहीं बोहरा समाज की ओर से प्रोजेक्ट राइज के अंतर्गत समाजजनों द्वारा एकत्रित किए गए कपड़ों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर हुसैन खुर्शीद, अब्बास जमाली, बुरहान लुकमानी, मोइज रंगवाला, मुर्तजा अत्तरवाला, हुजेफा कपाड़िया, हुसैन लुकमानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था एवं बोहरा समाज द्वारा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में जरूरतमंदों की सहायता तथा समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।