सैलाना: नगर में निकला आरएसएस का पथ संचलन।
Saturday, October 12, 2024
Edit
रतलाम डेस्क
सैलाना - प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी नगर में दशहरे के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा पथ संचलन निकाला गया।
पथ संचलन के कार्यक्रम के लिए सुबह से ही स्थानीय सागर वाटिका में स्वयं सेवक एकत्र होने लगे थे।
सागर वाटिका में कार्यक्रम के दौरान मंच पर मुख्य वक्ता के तौर पर आरएसएस के जिला कार्यवाह संतोष पाटीदार, मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक सत्येंद्र कुशवाह एवं नगर संघचालक विपिन कसेरा उपस्थित थे।
देश में सेना के बाद सिर्फ संघ, जहां दिखता है इतना अनुशासन - पाटीदार
दीप प्रज्वलन,भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं शस्त्र पूजन के पश्चात मुख्य वक्ता श्री पाटीदार का बौद्धिक हुआ। जिसमें उन्होंने उपस्थित स्वयं सेवकों को राष्ट्र, धर्म, समाज एवं पर्यावरण एवं गौसेवा के प्रति स्वयं की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि - सब कुछ सरकार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता, हमें भी अपने कर्तव्य का पालन करना होगा। स्वयंसेवकों को अनुशासन का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि - देश में सेना के बाद संघ ही है जहां इतना अनुशासन देखने को मिलता है।
बौद्धिक के पश्चात सागर वाटिका से संचलन प्रारंभ हुआ। संचलन में संघ के स्वयंसेवक घोष की धुन पर कदमताल करते हुए चल रहे थे। इस दौरान कई जगह पुष्प वर्षा कर संचलन का स्वागत भी किया गया। नगर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करता हुए संचलन का पुनः सागर वाटिका में आकर समापन हुआ।